MP News: इंदौर में 28 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, 2 साल पहले हुआ था प्रेम विवाह

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित स्मृति नगर में एक 28 वर्षीय महिला ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार रात की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस दंपती विवाद के पहलू को भी खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान उर्वशी राजपूत (28) पत्नी सुधांशु राजपूत निवासी स्मृति नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात उर्वशी अपने कमरे में गई और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ समय बाद परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा और तत्काल इसकी सूचना उसके पति को दी।

जानकारी मिलने पर पति सुधांशु अपने दोस्त की कार से उर्वशी को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचा। वहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के समय उर्वशी के सास-ससुर घर के निचले हिस्से में मौजूद थे, जबकि उसका देवर किसी काम से बाहर गया हुआ था। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

जांच में सामने आया है कि उर्वशी और सुधांशु ने करीब दो वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों पहले एक ही दुकान पर काम करते थे। बाद में सुधांशु ने प्रॉपर्टी का व्यवसाय शुरू कर दिया था। विवाह के बाद दोनों स्मृति नगर में रह रहे थे।

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और परिचितों के बयान दर्ज कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

एरोड्रम थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Post a Comment

Previous Post Next Post