दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले के बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह ग्राम लिमरूआ स्थित बोरिया नाला में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मृतक की पहचान ग्राम मुगदरा निवासी 35 वर्षीय तारेंद्र यादव के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर बम्हनी बंजर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की।
थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि तारेंद्र यादव रविवार को ग्राम लिमरूआ में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। वह देर रात तक शादी कार्यक्रम में मौजूद था, लेकिन सोमवार सुबह से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। परिजन और परिचित उसकी तलाश कर रहे थे तथा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने बम्हनी थाने पहुंचे थे।
इसी दौरान ग्राम लिमरूआ के बोरिया नाला में एक शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचकर पहचान की गई तो शव तारेंद्र यादव का निकला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बम्हनी अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
