दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सिवनी। सिवनी-मंडला मार्ग पर स्थित ग्राम मुनगापार में सोमवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी दूध परिवहन वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते उसे कुछ ही देर में पकड़ लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लोपा निवासी प्रकाश ठाकुर (40) पुत्र पहलाद ठाकुर सोमवार को अपनी बाइक से किसी काम से जा रहे थे। केवलारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मुनगापार के पास एक तेज रफ्तार दूध परिवहन वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रकाश ठाकुर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही केवलारी थाना प्रभारी प्रीतम सिंह तिलगाम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी प्रीतम सिंह तिलगाम ने बताया कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। इसके बाद तत्काल आसपास के थानों को अलर्ट किया गया और नाकाबंदी कराई गई। पुलिस की सक्रियता के चलते कान्हीवाड़ा पुलिस ने संदिग्ध दूध परिवहन वाहन को रोककर अपने कब्जे में ले लिया। बाद में वाहन और चालक को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
बताया गया है कि मृतक प्रकाश ठाकुर कृषि कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
फिलहाल केवलारी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
