Jabalpur News: सनकी दोस्त ने फर्जी इंस्टा आईडी बनाकर मां-बेटी की तस्वीरें कीं वायरल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में 2600 रुपये के लेन-देन को लेकर एक युवक द्वारा महिला और उसकी बेटी को सोशल मीडिया पर बदनाम करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर मां-बेटी की तस्वीरों का दुरुपयोग किया और उनके नाम से आपत्तिजनक पोस्ट व अभद्र टिप्पणियां साझा कर दीं।

पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय महिला की करीब दो वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हितेंद्र सिंह उर्फ विक्की से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद मोबाइल नंबर भी साझा किए गए थे और आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन रुपये का लेन-देन भी होता था।

इसी दौरान महिला ने आरोपी से 2600 रुपये उधार लिए थे, जिन्हें वह तय समय पर वापस नहीं कर सकी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने महिला और उसकी बेटी के नाम से तीन से चार फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बना लिए।

इन फर्जी खातों पर दोनों की तस्वीरें पोस्ट कर आपत्तिजनक सामग्री साझा की गई और अभद्र टिप्पणियां लिखी गईं। घटना की जानकारी स्वजन से मिलने के बाद महिला रांझी थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post