दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में पुरानी मकान संबंधी रंजिश के चलते एक महिला के घर में सुअरमार बम फेंकने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार व्हीकल मोड़ पटेल नगर निवासी 34 वर्षीय प्रीति सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह शीतल छाया अस्पताल में नर्सिंग का कार्य करती हैं। पीड़िता ने बताया कि वह अपने घर के बाहर खड़ी थीं, तभी पड़ोस में रहने वाले प्रिंस साहू और दक्ष राजपूत वहां से निकले। पुरानी मकान संबंधी रंजिश को लेकर दोनों ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि उनके घर पर बम फिंकवाएंगे। महिला ने उस समय उनकी बातों को अनसुना कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार बीती रात करीब 2:15 बजे एक स्कूटी से दक्ष राजपूत अपने एक साथी के साथ उसके घर पहुंचा। आरोप है कि दक्ष राजपूत ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि प्रिंस साहू से दुश्मनी लेने का परिणाम अब भुगतना पड़ेगा। इसके बाद पीछे बैठे युवक ने घर के आंगन में तीन सुअरमार बम फेंक दिए, जो फूटकर बिखर गए।
तेज धमाकों की आवाज सुनकर महिला और उसके परिजन बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो चुके थे। घटना से परिवार में भय का माहौल है।
अधारताल पुलिस ने प्रीति सिंह की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 288, 296, 3(5) बीएनएस तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 एवं 5 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
