Jabalpur News: पशु अवशेषों से भरा पिकअप जब्त, जांच के लिए भेजे गए हड्डियों के नमूने

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
गोहलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पशु अवशेषों और हड्डियों से भरे एक पिकअप वाहन को रोके जाने के बाद पुलिस ने उसे जब्त कर लिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन चालक से पूछताछ करते हुए अवशेषों को जांच के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, कुछ सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने संदेह के आधार पर वाहन को रोककर पुलिस को सूचना दी। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वाहन में गौवंश के अवशेष ले जाए जा रहे थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस पूछताछ में चालक ने बताया कि वह पशु हड्डियां और अवशेष भेड़ाघाट स्थित नर्मदा जिलेटिन फैक्ट्री लेकर जा रहा था। उसके अनुसार फैक्ट्री में मृत पशुओं की हड्डियों का औद्योगिक उपयोग किया जाता है।

वहीं, नर्मदा जिलेटिन फैक्ट्री प्रबंधन ने इस खेप से किसी भी प्रकार के संबंध से इनकार किया है। प्रबंधन का कहना है कि उन्हें उक्त पिकअप वाहन और उसमें रखे गए सामान की कोई जानकारी नहीं है।

पुलिस ने वाहन से बरामद पशु अवशेषों और हड्डियों के नमूने विशेषज्ञ जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अवशेष किस पशु के हैं और मामला किसी अवैध गतिविधि से जुड़ा है या नहीं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post