Bhopal News: पहले भरपेट खाना खिलाया, फिर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का विरोध करने पर उतार दिया मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। कटारा हिल्स थाना क्षेत्र के अंतर्गत इकोलॉजिकल पार्क के समीप पुलिया किनारे २४ मई को एक अज्ञात युवक का कई दिन पुराना शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति अत्यधिक खराब होने के कारण शुरुआत में शिनाख्तगी में काफी मुश्किलें आईं। पुलिस की सघन जांच के बाद मृतक की पहचान भोपाल निवासी एक युवक के रूप में हुई, जो मंडीदीप स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।

गायब मोबाइल फोन से मिला आरोपी का सुराग

इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में मृतक के गायब मोबाइल फोन ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने जब मृतक के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लेकर उसकी लोकेशन ट्रेस की, तो वह एक अन्य व्यक्ति के पास चालू मिला। कड़ाई से पूछताछ करने पर उस व्यक्ति ने बताया कि यह मोबाइल उसने अजय मायना नाम के युवक से खरीदा था। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदेही अजय मायना को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पहले खिलाया खाना, फिर मांग पूरी न होने पर उतारा मौत के घाट

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने सभी को चौंका दिया। आरोपी अजय मायना ने बताया कि घटना वाली रात वह 'शिकार' की तलाश में घूम रहा था, तभी उसकी मुलाकात नशे की हालत में घूम रहे इस युवक से हुई। आरोपी उसे बहला-फुसलाकर पहले खाना खिलाने ले गया और फिर कटारा हिल्स स्थित पुलिया के नीचे ले आया। वहां उसने युवक के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। जब युवक ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी गुस्से में आ गया और उसने पास ही पड़े भारी पत्थर से युवक के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी उसका मोबाइल लेकर फरार हो गया था।

न्यू मार्केट और वीआईपी रोड पर भी घूम रहा था आरोपी

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात को अंजाम देने से पहले वह काफी देर तक न्यू मार्केट और वीआईपी रोड जैसे व्यस्त इलाकों में घूमता रहा। वहां जब उसे कोई नहीं मिला, तो वह मिसरोद स्थित अपने घर की तरफ लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे यह युवक मिल गया।

आरोपी पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस जांच में यह भी साफ हुआ है कि आरोपी अजय मायना का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पहले भी एक युवक के साथ गलत काम (कुकर्म) करने के मामले में करीब तीन महीने तक जेल की हवा खा चुका है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के व्यवहार और उसकी मानसिक स्थिति के संबंध में भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है और साक्ष्य जुटाने के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post