Jabalpur Breaking News: बारातियों से भरी पिकअप पलटी, 26 घायल; दो की हालत गंभीर, जबलपुर रेफर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के कैमोरी गांव के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेंदूखेड़ा से बारात लेकर लौट रही बारातियों से भरी एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार 26 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में बाराती सवार थे। कैमोरी गांव के समीप पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही कटंगी पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर तत्काल कटंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दो घायलों की हालत गंभीर पाई, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज कटंगी अस्पताल में किया गया। अधिकांश घायलों को हाथ, पैर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं।

हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। चिकित्सकों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। कटंगी पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post