दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में बदमाशों की प्रताड़ना से परेशान एक मां और बेटी ने बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से न्याय की गुहार लगाई। उल्लेखनीय है कि 16 जून 2026 को दोनों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर घुटनों के बल बैठकर सुरक्षा की मांग की थी। उस दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि क्षेत्र के कुछ लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं, लेकिन पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
बुधवार को रानी दुर्गावती बलिदान दिवस कार्यक्रम में शामिल होने जबलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मां-बेटी ने रोककर अपनी व्यथा सुनाई। पीड़ित महिला ने मुख्यमंत्री के समक्ष आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन और पुलिस द्वारा उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तथा उन्हें लगातार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास बुलाया है। साथ ही उन्होंने परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
