MP News: इंदौर में डॉग घुमाने के विवाद के बाद बीजेपी नेता के घर पर दोबारा पथराव, पार्टी के दो गुट आमने-सामने

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर।
शहर के उषा नगर क्षेत्र में बीजेपी नेता वीरेंद्र शेडगे की बिल्डिंग पर रविवार को दो बार पथराव की घटना सामने आई। पहली घटना सुबह हुई, जबकि शाम को फिर पथराव का एक वीडियो सामने आया। घटना में शेडगे के ऑफिस का कांच टूट गया। विवाद की शुरुआत शनिवार रात डॉग घुमाने और बिल्डिंग के बाहर गंदगी करने को लेकर हुई थी।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात वीरेंद्र शेडगे और एक डॉग मालिक के बीच कहासुनी हो गई थी। दूसरे पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4 से जुड़े नेताओं ने हस्तक्षेप कर समझाइश दी। इसके बावजूद दूसरे पक्ष ने थाने में शिकायत आवेदन दे दिया।

रविवार सुबह कुछ नकाबपोश युवकों ने शेडगे की बिल्डिंग पर पथराव कर दिया, जिससे उनके ऑफिस का कांच टूट गया। वहीं शाम को एक और वीडियो सामने आया, जिसमें घर पर फिर पत्थर फेंके जाते दिखाई दे रहे हैं। इसी बीच मालिनी गौड़ के रिश्तेदार लोकेंद्र राठौर के घर पर भी पत्थरबाजी और कार में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है।

सूत्रों के अनुसार, विवाद में शामिल दूसरा पक्ष भी बीजेपी समर्थक है और इलाके के दूसरे राजनीतिक गुट से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक गुटबाजी की चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर बहस जारी है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही एफआईआर दर्ज करने और आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post