Jabalpur News: हाईवा ने स्कूटी सवार को बेरहमी से रौंदा; सड़क पर बिखरे मांस के लोथड़े, धूं-धूं कर जला हाईवा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित खजरी खिरिया बाईपास पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार हाईवा ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे युवक वाहन के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी हाईवा के नीचे फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई।

घर्षण के कारण स्कूटी और हाईवा के निचले हिस्से में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 2 बजे स्कूटी सवार युवक बाईपास से जबलपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे हाईवा ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक वाहन के नीचे फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बायपास पर मौजूद ट्रक चालकों ने युवक को वाहन के नीचे से निकालने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही माढ़ोताल और हनुमानताल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

माढ़ोताल थाना प्रभारी अपूर्वा चौरसिया ने बताया कि हादसे में शामिल हाईवा को जब्त कर लिया गया है। चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतक की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post