दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिविल लाइन स्थित इंद्रा मार्केट में रविवार शाम दो सांडों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत से करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इंद्रा मार्केट और एसपी ऑफिस के बीच सड़क पर दो सांड आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच सींग से सींग भिड़ाकर लंबे समय तक संघर्ष चलता रहा। सांडों की लड़ाई के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
इस दौरान एक स्कूटी चालक भी हादसे का शिकार होते-होते बच गया। सांडों की हल्की टक्कर लगने से उसकी स्कूटी सड़क पर गिर गई। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। क्षेत्रीय निवासी सुरेश कुमार ने कहा कि आवारा मवेशियों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा। उन्होंने बताया कि शहर में आए दिन मवेशियों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं, फिर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
सांडों को अलग करने के लिए लोगों ने पानी डालने और लाठियों की मदद से उन्हें भगाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक सफलता नहीं मिली। करीब आधे घंटे बाद दोनों सांड अलग-अलग दिशाओं में चले गए, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गोहलपुर, रसल चौक, इंद्रा मार्केट और गोकलपुर रोड सहित कई इलाकों में रात के समय आवारा मवेशियों की संख्या बढ़ जाती है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने नगर निगम से आवारा मवेशियों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
Tags
jabalpur
