Jabalpur News: काली मंदिर के पास युवक पर फायरिंग, भागते वक्त सिर फूटा; मेडिकल में इलाज जारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के रामनगर में आपसी रंजिश और मुखबिरी के शक में एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित और उसके दोस्तों पर जान से मारने की नियत से दो राउंड फायर किए। हमले में पीड़ित बाल-बाल बच गया, लेकिन भागते समय दीवार से टकराने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई है।

ये है पूरा मामला

गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि बीती रात को मेडिकल कॉलेज अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घायल युवक को उपचार के लिए लाया गया है। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस को पीड़ित अंकित लखेरा (उम्र 29 वर्ष, निवासी सूपाताल, रामायण मंदिर के पीछे) ने आपबीती बताई।

अंकित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पार्सल डिलीवरी का काम करता है। सूपाताल निवासी अंबर नाम के एक युवक का लाल बिल्डिंग के पास रहने वाले करन विश्वकर्मा से किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। आरोपी करन विश्वकर्मा को यह शक था कि अंकित लखेरा, उसका दोस्त हर्ष अहिरवार और आर्यन, उसकी (करन की) पल-पल की लोकेशन अंबर को देते हैं। इसी शक के चलते इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया।

सरेराह रोकी स्कूटी और तान दी पिस्टल

पीड़ित के मुताबिक बीती रात लगभग 10:30 बजे वह अपने दोस्त हर्ष अहिरवार और आर्यन अहिरवार (दोनों निवासी रामनगर) के साथ रामनगर काली मंदिर के पास शाही फर्नीचर की दुकान के सामने सड़क पर खड़े होकर बात कर रहा था। उसी समय गढ़ा बाजार वाली रोड से आरोपी करन विश्वकर्मा काले रंग की सुजुकी एक्सिस स्कूटी पर अपनी महिला मित्र सोनाली बर्मन के साथ वहां पहुंचा।

तभी सोनाली स्कूटी पकड़कर खड़ी हो गई और करन विश्वकर्मा ने स्कूटी से उतरकर अपनी कमर से पिस्टल निकाल ली। करन ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नियत से अंकित की तरफ बैक-टू-बैक दो बार फायर (फायरिंग) कर दिया।

भागते समय सिर पर आई चोट, आरोपी फरार

अचानक हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। अंकित और उसके दोस्त जान बचाने के लिए वहां से भागे। भागने के दौरान अंकित अनियंत्रित होकर एक दीवार से टकरा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करन विश्वकर्मा चिल्लाते हुए जान से मारने की धमकी दी और सोनाली बर्मन के साथ स्कूटी पर पीछे बैठकर देवताल चौराहे की ओर रफूचक्कर हो गया।

थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित अंकित लखेरा की रिपोर्ट पर आरोपी करन विश्वकर्मा और सोनाली बर्मन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 296(बी) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post