दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक पर पिस्टल से फायरिंग करने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार गंगानगर स्थित चंदन कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय शुभम झारिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) का कार्य करता है। देर रात वह अपने दोस्तों हर्ष विश्वकर्मा और अनिवेश जैसवार के साथ अनिवेश के घर से भोजन करने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे एक सफेद स्विफ्ट कार तेज गति से उनके पास से निकली और कार सवार द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज की गई।
शिकायत के अनुसार तीनों युवकों ने बाइक से कार का पीछा किया। गृहलक्ष्मी किराना स्टोर के पास चंदन कॉलोनी में कार चालक ने वाहन रोक दिया। वहां कार से उतरे युवक इंगेश रजक से गाली देने का कारण पूछने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्रता की और अपने घर की ओर जाकर पिस्टल लेकर वापस आया।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर किया, हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। इसके बाद उसने दोबारा फायरिंग का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। बाद में आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(व्ही) और 3(1)(ध) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Tags
jabalpur
