Jabalpur News: फिल्मी स्टाइल में लूट, बाइक सवार युवकों की आंखों में मिर्च झोंककर ₹2 लाख से भरा बैग लूटा, तलाश में जुटी माढ़ोताल पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना माढ़ोताल क्षेत्र में दो लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने बाइक सवार दो युवकों पर मिर्च पाउडर फेंककर हमला किया और मारपीट कर रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अभय कुमार सिंह (25) निवासी ग्राम जादो पिपरा, थाना मीरगंज, जिला गोपालगंज (बिहार) हाल निवासी लसुड़िया, इंदौर ने थाना माढ़ोताल में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभय ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत है। वह अपने दोस्त लखन चौरसिया के साथ उधारी के पैसे लेने जबलपुर आया था। मझौली गांव स्थित बचैया तिराहा से उसने व्यापारी वीरेन्द्र कुमार नेमा से उधारी के दो लाख रुपये प्राप्त किए थे।

दोनों युवक जबलपुर लौटकर अपने परिचित के घर पहुंचे। इसी दौरान अभय को उसके दोस्त पियूष पटेल का फोन आया, जिसने एक सामान लेने के लिए कहा। कुछ देर बाद एक युवक एक्सट्रीम मोटरसाइकिल से आया और एक पॉलीथीन पैकेट देकर चला गया, जिसे अभय ने अपने काले रंग के पिट्ठू बैग में रख लिया।

इंदौर लौटने की तैयारी के दौरान अभय और लखन ने उक्त युवक से बस स्टैंड का रास्ता पूछा। युवक ने उन्हें बाइक से छोड़ने की बात कही और दोनों को लेकर सर्विस लेन की ओर निकल पड़ा। रास्ते में सफेद रंग की एक्टिवा जैसी गाड़ी पर सवार तीन अज्ञात युवक आए और उन पर मिर्च पाउडर फेंक दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।

अभय ने बताया कि गिरने के बाद वे दोनों जान बचाने के लिए भागने लगे, तभी एक और युवक वहां पहुंच गया। आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया, चाकू दिखाकर जान से मारने की कोशिश की तथा मारपीट करते हुए दो लाख रुपये और अन्य सामान से भरा काला पिट्ठू बैग छीनकर फरार हो गए।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल बी.एस. गोठरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेन्द्र सिंह पवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post