Jabalpur News: स्कार्पियो की घेराबंदी कर दो युवकों को लोडेड पिस्टल के साथ दबोचा, शातिर 'बाबू सिंधी' निकला हथियारों का सप्लायर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले की सिहोरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने कटनी से जबलपुर की ओर आ रही एक लग्जरी स्कार्पियो कार को घेरकर दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लोडेड पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। हालांकि, कार्रवाई के दौरान कार चालक मौका पाकर वाहन समेत भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में जो खुलासा किया है, उससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपियों को ये अवैध हथियार घमापुर के कुख्यात बदमाश बाबू सिंधी ने सप्लाई किए थे।

सिहोरा थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से बेहद पुख्ता सूचना मिली थी कि एक काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी में कुछ लड़के अवैध हथियार लेकर कटनी की तरफ से जबलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जाल बिछाया और मझोली ब्रिज के पास नेशनल हाईवे-30 पर मुस्तैदी से दबिश दी। कुछ ही समय के इंतजार के बाद कटनी की तरफ से एक तेज रफ्तार काले रंग की स्कार्पियो आती हुई दिखाई दी, जिसे पुलिस बल ने चारों तरफ से घेराबंदी कर जबरन रुकवाया।

जैसे ही स्कार्पियो रुकी, उसमें सवार दो लड़के घबराकर तुरंत नीचे उतर आए। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर स्कार्पियो का चालक गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर जबलपुर की ओर तेजी से भाग निकला। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए मौके पर खड़े दोनों युवकों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम निहाल केवट (निवासी रामपुर, गोरखपुर, जबलपुर) और गगन जैसवाल (निवासी ग्राम ककरा, मैहर) बताया। जब पुलिस ने दोनों की जामा तलाशी ली, तो उनके पास से भारी मात्रा में अवैध असलाह बरामद हुआ। दोनों आरोपियों की कमर में एक-एक लोडेड पिस्टल खोंसी हुई थी, जिनमें एक-एक जिंदा कारतूस पहले से लोड था।

जब पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की और पिस्तौलों के लाइसेंस के बारे में पूछा, तो वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। अवैध हथियारों के स्रोत के बारे में पूछने पर दोनों ने बताया कि यह पिस्टल उन्हें करीब 2-3 महीने पहले जबलपुर के घमापुर क्षेत्र के शातिर बदमाश बाबू सिंधी ने दी थी।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि वे 10 जून को अधारताल निवासी अंकित सोनी के साथ उसी स्कार्पियो गाड़ी से कुछ और पिस्टल लेने के लिए कटनी स्टेशन गए थे। लेकिन वहां किसी कारणवश पिस्टल की डील नहीं हो पाई और वे हथियार न मिलने पर वापस जबलपुर लौट रहे थे, तभी सिहोरा पुलिस के हत्थे चढ़ गए। फिलहाल पुलिस ने अवैध हथियार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और फरार स्कार्पियो चालक व मुख्य सप्लायर बाबू सिंधी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post