दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मथुरा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जिताने के बाद दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ मंगलवार सुबह वृंदावन पहुंचे। इस स्टार कपल ने वृंदावन के केली कुंज आश्रम जाकर सुप्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे जब दोनों कार से उतरे, तो उनके चेहरे पर मास्क लगा हुआ था और वे पूरी सादगी के साथ नंगे पैर आश्रम के भीतर दाखिल हुए, जहां संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने आदरपूर्वक उनकी अगवानी की।
विराट और अनुष्का करीब दो घंटे तक आश्रम में रहे और संतश्री का सानिध्य प्राप्त किया। दर्शन के बाद जब वे आश्रम से बाहर आए, तो विराट कोहली के माथे पर चंदन और त्रिपुंड लगा हुआ था और उनके हाथ में एक धार्मिक पुस्तक भी नजर आई। केली कुंज आश्रम से निकलने के बाद दोनों वहां से करीब 150 मीटर दूर स्थित बड़े गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम तक पैदल और नंगे पैर ही चलकर गए, जहां उन्होंने हित गोविंद शरण महाराज के भी दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि इस आध्यात्मिक जोड़े की संत प्रेमानंद महाराज से पिछले तीन वर्षों में यह सातवीं और इस साल की तीसरी मुलाकात है। इससे पहले वे इसी वर्ष 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर और 16 फरवरी को अपने बेटे अकाय के जन्मदिन के बाद भी बाबा के दर्शन करने वृंदावन आए थे।
गौरतलब है कि विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बीते 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से शिकस्त देकर लगातार दूसरा आईपीएल खिताब अपने नाम किया था। फाइनल मैच में विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा था, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया। पूरे सीजन में शानदार फॉर्म में रहे कोहली ने अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा 675 रन बनाए और वे आईपीएल इतिहास में लगातार चौथे सीजन में 600 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
