दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना मदनमहल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गुलौआ चौक इलाके में एक 37 वर्षीय युवक ने अपने सूने घर में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली।
बाहर गए थे पत्नी और बेटा, सुबह घर लौटे तो स्तब्ध रह गए
जानकारी के मुताबिक, गुलौआ चौक (गौरी दाई मंदिर के पीछे) निवासी अनमोल साहू (20 वर्ष) ने थाने में सूचना दर्ज कराई कि उसके पिता संजय साहू (37 वर्ष) घर पर अकेले थे। अनमोल और उसकी मां किसी काम से बाहर गए हुए थे।
रविवार की सुबह लगभग 7:00 बजे जब अनमोल अपनी मां के साथ वापस घर पहुंचा, तो घर का मुख्य दरवाजा बिना कुंडी (लॉक) के लगा हुआ था। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, अंदर का नजारा देखकर दोनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के अंदर संजय साहू लायलोन की रस्सी को छत की बल्ली से बांधकर फांसी पर लटके हुए थे।
फंदा खोलकर नीचे उतारा, लेकिन तब तक थम चुकी थीं सां
बेटे अनमोल ने पुलिस को बताया "पिता को फंदे पर लटका देख हम बदहवास हो गए। तुरंत ही फांसी का फंदा खोलकर उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक पिता संजय साहू की मृत्यु हो चुकी थी।
परिजनों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद घटना की जानकारी तुरंत मदनमहल थाना पुलिस को दी गई।
जांच में जुटी मदन महल पुलिस
सूचना मिलते ही मदनमहल थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि संजय साहू ने किन परिस्थितियों और किस मानसिक तनाव के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया।
