MP News: पुरानी रंजिश के चलते सुपारी देकर कराई युवक की हत्या, शादी समारोह से बुलाकर गला घोंटा, नाले में फेंका शव

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला।
मंडला जिले के बम्हनी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित तरेंद्र यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते युवक की सुनियोजित तरीके से हत्या कराई गई थी। इसके लिए मुख्य आरोपी ने सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम मुगदरा निवासी रविंद्र यादव ने 22 जून को अपने भाई तरेंद्र यादव (36) के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसी दिन लिमरुआ के पास बोरिया नाला में तरेंद्र का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि तरेंद्र यादव और उसके पड़ोसी जीवनलाल यादव के परिवार के बीच खेती-बाड़ी और आपसी प्रतिस्पर्धा को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते राजा यादव ने तरेंद्र की हत्या की साजिश रची और अविनाश यादव को 1.20 लाख रुपये की सुपारी देने की बात तय की।

इसके बाद अविनाश ने ग्राम खमरौती निवासी राहुल उर्फ नीरज परते, सूर्यकांत उर्फ सूर्या और कृष्ण कुमार उर्फ राजा को 50 हजार रुपये में हत्या करने के लिए तैयार किया, जबकि शेष राशि अपने पास रख ली।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने 21 जून को मृतक के घर आयोजित शादी समारोह और बारात के कार्यक्रम को वारदात के लिए चुना। योजना के तहत अविनाश, तरेंद्र को बारात से बहाने से अलग ले गया और शराब पिलाने के नाम पर स्कूल के पीछे बुलाया, जहां पहले से मौजूद अन्य आरोपियों ने मिलकर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को लिमरुआ के पास बोरिया नाला में फेंक दिया गया।

मामले का खुलासा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और साइबर सेल की मदद से किया। जांच में आरोपियों की गतिविधियों और आपसी संपर्कों के आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ।

पुलिस ने इस मामले में राजा यादव, अविनाश यादव, राहुल उर्फ नीरज परते, सूर्यकांत उर्फ सूर्या और कृष्ण कुमार उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post