दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित विधायक विश्राम गृह (एमएलए रेस्ट हाउस) के बाहर बुधवार देर रात कार की मामूली टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। मामले में कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर के पुत्र देवराज सिंह गुर्जर की शिकायत पर पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे पक्ष ने थाने के अंदर मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
गिरफ्तार युवकों की मां उषा यादव का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके बेटों के साथ मारपीट की गई। उनका कहना है कि पुलिस सभी युवकों को थाने लेकर गई, जहां विधायक पुत्र और उनके साथियों ने उनके बेटों के साथ बेल्ट से मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि घटना में उनके तीन बेटे घायल हुए हैं। परिवार ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए घटनास्थल और थाने के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है।
वहीं अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने देवराज सिंह गुर्जर की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पांच अन्य युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
देवराज सिंह गुर्जर ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि कुछ युवक विधायक रेस्ट हाउस के बाहर शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। उन्हें वहां से हटने के लिए कहने पर गाली-गलौज और अभद्रता की गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यादवपुरा निवासी रोहन यादव अपने ममेरे भाई हनी के साथ कार से एमएलए रेस्ट हाउस पहुंचा था। इस दौरान उसकी कार वहां खड़ी दूसरी कार से हल्के से टकरा गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
अरेरा हिल्स थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
