दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करौंदी में शुक्रवार सुबह एक 42 वर्षीय अधेड़ का शव महुआ के पेड़ पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही निवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान करौंदी निवासी शहजान कुशराम (42), पिता सुंदर कुशराम के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह जायका ढाबा के पास महुआ के पेड़ पर शव लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की।
परिजनों ने बताया कि शहजान पेशे से मजदूरी करता था। वह गुरुवार रात भोजन करने के बाद घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के अनुसार वह नशे का आदी था और पहले भी कई बार बिना बताए घर से चला जाता था।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए निवास अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है तथा मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
Tags
madhya pradesh
.jpeg)