दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सिवनी। सिवनी जिले में जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसा कुरई थाना क्षेत्र के पचधार हाईवे के पास उस समय हुआ, जब मजदूरों को केरल ले जा रहा एक ओवरलोड वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा।
जानकारी के अनुसार मंडला और डिंडोरी जिले के मजदूर रोजगार के लिए एक 'तूफान' वाहन से केरल जा रहे थे। वाहन में क्षमता से अधिक 29 लोग सवार थे, जिनमें 12 पुरुष, 12 महिलाएं और 5 बच्चे शामिल थे।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने से वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया। वाहन दूसरी लेन में पहुंचकर सड़क किनारे बने मकान से जा टकराया, जिससे मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घर के अंदर मौजूद सभी लोग सुरक्षित रहे।
घटना की सूचना मिलते ही कुरई थाना पुलिस, एफआरवी-06 खवासा टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
करीब 10 से 12 घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरई में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को नागपुर रेफर किया गया है।
बरघाट एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जिला अस्पताल में भर्ती दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Tags
madhya pradesh
