Jabalpur News: कार में कट मारने के विवाद में चली थी गोली, एक माह तक पुलिस को चकमा देता रहा आरोपी, आखिरकार देसी पिस्टल समेत गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संजीवनी नगर थाना पुलिस ने एक माह से फरार चल रहे हवाई फायरिंग के आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने कार में कट मारने को लेकर हुए विवाद के बाद क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

गोरखपुर सीएसपी महादेव नागोटिया ने बताया कि 8 जून 2026 की रात संजीवनी नगर थाना क्षेत्र की चंदन कॉलोनी में कार में कट मारने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर आरोपी इंगेश रजक अपने घर से देसी पिस्टल लेकर आया और लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग कर दी।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए संजीवनी नगर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।

तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थी।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने फरार आरोपी इंगेश रजक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद हथियार को जब्त कर लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post