दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) शिवपुरी। ग्वालियर की विशेष एससी-एसटी अदालत ने पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को फरार घोषित करते हुए उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। अदालत के फैसले के बाद विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि न्यायालय का निर्णय पूरी तरह सही है और उनके बेटे को बिना किसी देरी के अदालत में आत्मसमर्पण कर कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए।
प्रीतम लोधी ने बताया कि दिनेश लोधी के खिलाफ एक पुराना मामला न्यायालय में विचाराधीन है। कई तारीखों पर पेश नहीं होने के कारण अदालत ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार हमेशा न्यायालय का सम्मान करता आया है और कानून पर पूरा भरोसा रखता है।
'मैं खुद तीन बार बेटे को थाने में पेश करा चुका हूं'
विधायक ने कहा कि वह पहले भी तीन बार अपने बेटे को स्वयं चौकी थाने में पेश करा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि अतीत में कई इनामी आरोपियों को भी उन्होंने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कराया था।
इस दौरान उन्होंने कहा, "जब मैं आरोपियों को लेकर चौकी थाना पहुंचता था तो चौकी थाना हिल जाता था। पुलिस कहती थी कि जिन लोगों को हम पकड़ नहीं पा रहे, उन्हें प्रीतम लोधी खुद हाजिर करा रहे हैं।"
डकैतों को भी सरेंडर की दी थी सलाह
प्रीतम लोधी ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में हमेशा कानून का सम्मान किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने एक समय डकैतों से भी अदालत पर भरोसा रखने और आत्मसमर्पण करने की अपील की थी, हालांकि वह प्रयास सफल नहीं हो पाया।
35 साल पुराने मुकदमे का किया जिक्र
विधायक ने अपने पुराने न्यायिक संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके खिलाफ भी कई मुकदमे चले थे, लेकिन अदालत ने उन्हें बरी कर दिया था। उन्होंने दावा किया कि करीब 35 वर्ष पहले एक मजिस्ट्रेट ने उन्हें बरी करते समय कहा था कि वे गरीबों की सेवा करेंगे और विधायक बनेंगे, जो आज सच साबित हुआ।
पुराना विवादित वीडियो फिर चर्चा में
दिनेश लोधी से जुड़े करैरा थार हादसे के मामले में पुलिस कार्रवाई के दौरान प्रीतम लोधी का एक पुराना वीडियो भी फिर चर्चा में आ गया है। उस वीडियो में उन्होंने तत्कालीन करैरा एसडीओपी एवं आईपीएस अधिकारी डॉ. आयुष जाखड़ पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी थी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे हजारों समर्थकों के साथ एसडीओपी के सरकारी आवास का घेराव करेंगे और घर में गोबर भरवा देंगे।
अब बेटे दिनेश लोधी के फरार घोषित होने और पुलिस द्वारा उसकी तलाश तेज किए जाने के बाद विधायक का यह पुराना बयान और वीडियो एक बार फिर राजनीतिक और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
Tags
madhya pradesh
