दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को कछार टोला प्राथमिक स्कूल के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। युवक का शव गमछे के सहारे पेड़ से बंधा हुआ था, जबकि उसका शरीर नीचे बाइक पर बैठी अवस्था में दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
31 वर्षीय विकास चंद्रोल की हुई पहचान
मृतक की पहचान ढेंको सकवाह निवासी विकास चंद्रोल (31) के रूप में हुई है। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को भी मौके पर बुलाया है, ताकि साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच की जा सके।
जुए की लत की चर्चा, लेकिन पुष्टि नहीं
महाराजपुर थाना प्रभारी डॉ. जय सिंह यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक अक्सर इस क्षेत्र में आता-जाता था और उसे जुए की लत थी। हालांकि पुलिस इस जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि कर रही है।
हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों ही संभावनाओं को ध्यान में रखकर बारीकी से विवेचना की जा रही है। घटना की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Tags
jabalpur
