दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) वियतनाम। वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक टूरिस्ट बोट समुद्र में पलट गई। हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। बोट में कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक और 4 क्रू मेंबर शामिल थे। मृतकों और यात्रियों में अधिकांश तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक समुद्र में ऊंची लहरों के कारण बोट असंतुलित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कई पर्यटक लाइफ जैकेट नहीं पहने हुए थे, जिससे बोट पलटने के बाद वे उसके नीचे फंस गए।
यह बोट पर्यटकों को होन मे रुट से न्गोआई द्वीप घुमाने ले जा रही थी, लेकिन तट से करीब 400 मीटर पहले ही हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। कई घायलों को मौके पर सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की गई, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि भारत का दूतावास और वाणिज्य दूतावास वियतनाम के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और प्रभावित भारतीयों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
भारतीय दूतावास ने प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 जारी किए गए हैं।
दूतावास द्वारा जारी सूची के अनुसार, बोट में सवार 32 भारतीयों में 2 महिलाएं भी शामिल थीं। वहीं, तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
Tags
national
