MP News: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण; आरोपी गिरफ्तार

दैनिक संध्या बन्धु (एजेंसी) इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में एक 27 वर्षीय युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी हर्ष उर्फ राज चौहान निवासी गौरी नगर के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, युवती और आरोपी की करीब चार साल पहले पहचान हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। आरोप है कि आरोपी ने युवती से शादी का वादा किया और 7 मार्च 2023 को उसे अपने घर बुलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे अरविंदो अस्पताल के पास स्थित अपने दोस्त के घर भी ले गया, जहां भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए जाने का आरोप है।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे डराया और लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा। 5 जनवरी को आरोपी के दोस्त के घर शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने शादी से इनकार करते हुए उसे बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद 3 जुलाई को भी आरोपी ने फोन कर उसे बुलाने और धमकाने की कोशिश की।

लगातार प्रताड़ना से परेशान युवती ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर हीरानगर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद देर रात आरोपी हर्ष उर्फ राज चौहान को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post