दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इटारसी। इटारसी रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन में चढ़ने की घबराहट में एक यात्री चलती ट्रेन से गिरकर घिसटने लगा। तभी ट्रेन मैनेजर ने साहस दिखाते हुए यात्री को पकड़कर ट्रेन के अंदर खींच लिया और उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12753 नांदेड-हजरत निजामुद्दीन संपर्क क्रांति में मनमाड़ से भोपाल जा रहे यात्री सुशील पाटिल इटारसी यार्ड में ट्रेन रुकने के दौरान पानी लेने के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान उनका बैग चोरी हो गया, जिसमें नकदी, रेल टिकट और अन्य जरूरी सामान रखा था।
बैग की तलाश के दौरान ट्रेन चल पड़ी। घबराए यात्री ने चलती ट्रेन के अंतिम डिब्बे में चढ़ने की कोशिश की। ट्रेन मैनेजर रोमेश चौबे ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, लेकिन यात्री ने ट्रेन पकड़ने का प्रयास जारी रखा। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रेन के साथ घिसटने लगे।
स्थिति को भांपते हुए ट्रेन मैनेजर रोमेश चौबे ने तत्काल यात्री को पकड़ लिया और पूरी ताकत से उन्हें ट्रेन के अंदर खींच लिया। हादसे में यात्री के पैर में चोट और सूजन आ गई। ट्रेन मैनेजर ने मानवता दिखाते हुए उन्हें केले उपलब्ध कराए और बैठने के लिए सीट भी दिलाई।
घर से बिना बताए निकली युवती को परिजनों को सौंपा
इसी दौरान रेलवे कर्मचारियों ने एक अन्य मामले में घर से बिना बताए ट्रेन में यात्रा कर रही युवती को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया। गोंडवाना एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान उप मुख्य टिकट निरीक्षक राजेंद्र बैरवा और वरिष्ठ मुख्य वाणिज्य टिकट परीक्षक विजय मनराल को एक सहयात्री ने युवती के बारे में जानकारी दी।
रेलवे कर्मचारियों ने युवती की पहचान और स्थिति की जानकारी लेकर उसके परिजनों से संपर्क किया। युवती को सुरक्षा के मद्देनजर निगरानी में रखा गया और एस-3 कोच में संरक्षण दिया गया। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल की मदद से युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
Tags
madhya pradesh

