दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घर के बाहर बुधवार को एक दंपती ने संविधान की कॉपी लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी दंपती ने मंत्री के हालिया बयानों पर नाराजगी जताते हुए छात्रों को कथित तौर पर ‘कीड़े’ कहने और छात्र आंदोलन को ‘प्रायोजित’ बताए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई।
खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताने वाले प्रहलाद पाण्डेय और उनकी पत्नी संगीता पाण्डेय का कहना था कि मंत्री के बयान से छात्र, युवा और अभिभावक आहत हैं। इसी के विरोध में वे मंत्री के घर के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दंपती से प्रदर्शन की अनुमति के बारे में जानकारी मांगी। पुलिस के मुताबिक, बिना अनुमति प्रदर्शन करने पर उन्हें वहां से हटने की समझाइश दी गई, लेकिन दोनों ने प्रदर्शन समाप्त करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई। थाना प्रभारी आरडी कानवा ने बताया कि बिना अनुमति प्रदर्शन किया जा रहा था और माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए दंपती को अभिरक्षा में लिया गया है। आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी पाण्डेय दंपती ने सोमवार को सांसद शंकर लालवानी के घर के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी की थी। वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
Tags
madhya pradesh


