दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आधारताल थाना क्षेत्र के सुहागी स्थित पन्नी मोहल्ला में संचालित कथित सेक्स रैकेट मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। महिला थाना पुलिस ने इस मामले में नरसिंहपुर जिले के करेली निवासी अमित जायसवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि वह विभिन्न शहरों से युवतियों की व्यवस्था कर उन्हें रैकेट संचालकों तक पहुंचाने का काम करता था।
पुलिस जांच के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमित जायसवाल भोपाल, इंदौर, दमोह, सागर सहित कई अन्य शहरों से युवतियों को लाकर कथित तौर पर इस रैकेट को उपलब्ध कराता था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
पहले गिरफ्तार आरोपियों से मिला सुराग
महिला थाना पुलिस को अमित जायसवाल का नाम कुछ दिन पहले सुहागी के पन्नी मोहल्ला स्थित मकान पर की गई छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ में मिला था। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, जिसके बाद उसे नरसिंहपुर से गिरफ्तार किया गया।
पहले हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां
इस मामले में पुलिस पहले ही कथित रैकेट संचालक मंजू निखर, उसके पति मुकेश निखर, बेटे आरूष निखर तथा मौके से मिले तीन ग्राहकों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा जिस मकान में कथित सेक्स रैकेट संचालित होने का आरोप है, उसके मालिक एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अभियंता कार्यालय में पदस्थ बाबू निमेष विनोदिया को भी गिरफ्तार किया गया था।
आरक्षक निलंबित, थाना प्रभारी को नोटिस जारी
मामले की जांच के दौरान आधारताल थाने के आरक्षक सतीश झारिया की भूमिका भी संदेह के दायरे में आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। वहीं तत्कालीन थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पुलिस विभाग द्वारा मामले की विभागीय जांच भी जारी है।
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
