Jabalpur News: अंधेरा होते ही पान दुकान के पास फेंका सुअरमार बम, दहल उठा इलाका

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धबाबा वार्ड स्थित गोपाल होटल चौक पर देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बिजली जाते ही अज्ञात बदमाशों ने एक पान की दुकान के पास सुअरमार बम फेंक दिया। गनीमत यह रही कि बम दुकान के बाजू में गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिद्धबाबा वार्ड निवासी 30 वर्षीय कान्हा रजक गोपाल होटल चौक पर पान की दुकान चलाता है। कान्हा ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 20 जुलाई की रात करीब 11:25 बजे क्षेत्र की बिजली अचानक बंद हो गई। बिजली जाते ही चारों तरफ अंधेरा छा गया, तभी करीब 11:40 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी दुकान को निशाना बनाकर सुअरमार बम फेंक दिया।

दुकान के ठीक बाजू में हुए जोरदार धमाके से क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। घटना के लगभग 10 मिनट बाद जब बिजली वापस आई, तो पीड़ित ने देखा कि दुकान के पास सुअरमार बम के फटे हुए अवशेष पड़े थे।

वारदात की सूचना मिलते ही घमापुर पुलिस ने शिकायतकर्ता कान्हा रजक की रिपोर्ट पर 21 जुलाई को अज्ञात आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 एवं 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले संदिग्धों की तलाश कर आरोपी का पता लगाने में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post