Jabalpur News: अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ दबोचा गया बाबा सोनकर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोरखपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से शिलाकुंज, नयागांव क्षेत्र में घूम रहा है।

गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि बीती रात चौकी रामपुर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शिलाकुंज नयागांव चौराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन उसे घेरकर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरज उर्फ बाबा सोनकर (35) निवासी भरतीपुर, शिव पार्वती मंदिर के पास, थाना ओमती क्षेत्र बताया। तलाशी लेने पर उसकी कमर में खोंसी एक देसी पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल की मैगजीन में एक जिंदा कारतूस लोड मिला। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज किया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ मारपीट एवं आर्म्स एक्ट सहित पांच आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से बरामद हथियार के स्रोत और उसके इस्तेमाल की मंशा के संबंध में पूछताछ कर रही है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी रामपुर उप निरीक्षक महेंद्र जाटव, आरक्षक अनूप सिंह, रोहित द्विवेदी, मोहित, अर्पित, आनंद और अजय की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post