Jabalpur News: जंगली सूअरों के लिए खेत में बिछाया था करंट, चपेट में आने से युवक की मौत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए खेत के चारों ओर अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के करंट ने एक 40 वर्षीय युवक की जान ले ली। घटना शनिवार दोपहर की है, जब खेत के बीच एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार, खेत मालिक प्रदीप पटेल ने जंगली सूअरों को खेत में घुसने से रोकने के लिए चारों ओर नंगे बिजली के तार बिछाकर उनमें करंट प्रवाहित कर रखा था। इसी दौरान पप्पू पटेल अनजाने में खेत के पास से गुजर रहे थे और करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची बेलखेड़ा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम किया और खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खेत में लंबे समय से सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए बिजली के तारों में करंट प्रवाहित किया जा रहा था। हादसे के बाद से आरोपी खेत मालिक फरार बताया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post