दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में बीतीरात रिछाई ब्रिज पर तीन बदमाशों ने एक फैक्ट्री कर्मचारी को रोककर चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले युवक से गुटखा मांगा और विरोध करने पर चाकू से हमला कर नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि शुक्रवार रात मारपीट में घायल युवक को सुहागी स्थित लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। घायल अमित खटीक (24) निवासी गांधी वार्ड, पनागर ने बताया कि वह रिछाई स्थित साईं कृपा फैक्ट्री में काम करता है।
पीड़ित के अनुसार, वह रात करीब 10 बजे फैक्ट्री से मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। रात करीब 10:20 बजे रिछाई ब्रिज पर पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक आए और उसे रोक लिया। तीनों की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच थी। अमित ने बताया कि बदमाशों ने उससे पहले गुटखा मांगा। जब उसने मना कर दिया और उनकी बातों को नजरअंदाज किया, तो दो बदमाश उसके पास आ गए, जबकि तीसरा उसकी पैंट की जेब की तलाशी लेने लगा। विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से उसकी बाईं जांघ पर हमला कर दिया। हमले के बाद बदमाश युवक की जेब से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 8 हजार रुपये नकद लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) और 126(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
