Jabalpur News: दोस्त ने लाठी से पीट-पीटकर की युवक की हत्या, शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद, आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के बरखेड़ा गांव में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। साथ बैठकर शराब पी रहे दो दोस्तों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने दूसरे पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बरखेड़ा निवासी बृजेश पटेल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी राजा चौबे है। शुक्रवार शाम दोनों गांव के पास बैठकर शराब पी रहे थे। करीब आधे घंटे तक साथ रहने के बाद नशे की हालत में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गया।

लाठी से किया ताबड़तोड़ हमला


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान राजा चौबे ने पहले बृजेश पटेल को धक्का दिया। इसके बाद पास में पड़ी लाठी उठाकर उसके सिर और शरीर पर कई वार किए। हमले में बृजेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और घायल को वहीं तड़पता छोड़ दिया।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने बृजेश को खून से लथपथ हालत में देखा और तत्काल भेड़ाघाट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा और भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज


घटना के बाद पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की, जिसमें आरोपी राजा चौबे का नाम सामने आया। पुलिस ने देर रात ही आरोपी को हिरासत में ले लिया था। बृजेश की मौत के बाद उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

अवैध शराब बिक्री पर उठे सवाल


घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में लंबे समय से हो रही अवैध शराब बिक्री पर भी सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में खुलेआम अवैध शराब बिकने के कारण आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दिए कार्रवाई के निर्देश

सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। भेड़ाघाट थाना पुलिस को क्षेत्र में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हत्या के मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post