दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स स्थित आदिवासी कन्या छात्रावास में रहकर 12वीं की पढ़ाई और जेईई की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा ने रविवार शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दुखद संयोग यह रहा कि उसी दिन उसका 17वां जन्मदिन भी था। सहेलियां जब केक लेकर जन्मदिन मनाने उसके कमरे में पहुंचीं तो दरवाजा नहीं खुला। सेंट्रल लॉक खुलने पर छात्रा कमरे में फंदे से लटकी मिली।
मृतका की पहचान अलीराजपुर निवासी दर्शन मिनामा के रूप में हुई है। वह अनंत हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा थी और एक कोचिंग संस्थान से जेईई परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पुलिस के अनुसार, वह सितंबर 2025 से छात्रावास में रह रही थी। उसकी रूममेट पिछले 20 दिनों से अपने गांव गई हुई थी, जिससे वह कमरे में अकेली रह रही थी।
रविवार शाम करीब 5:30 बजे कोचिंग से लौटने के बाद दर्शन अपने कमरे में चली गई। शाम करीब 6 बजे उसकी सहेलियां जन्मदिन मनाने के लिए केक लेकर पहुंचीं, लेकिन कई मिनट तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सेंट्रल लॉक खोला गया, जहां छात्रा फंदे पर लटकी मिली। वार्डन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में छात्रा ने आत्महत्या के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है और अपने माता-पिता से माफी मांगी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में छात्रा के अवसाद (डिप्रेशन) में होने की आशंका जताई गई है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि इसी छात्रावास में करीब 10 महीने पहले भी 12वीं की एक अन्य छात्रा ने आत्महत्या की थी। लगातार दूसरी ऐसी घटना के बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं और छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
Tags
madhya pradesh
