दतिया उपचुनाव: निष्पक्ष मतदान की मांग को लेकर कांग्रेस ने रिटर्निंग ऑफिसर को सौंपा ज्ञापन

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के मतदान से पहले कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर मंगलवार को रिटर्निंग ऑफिसर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह की ओर से उनके अधिकृत निर्वाचन अभिकर्ता जितेंद्र बुंदेला ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मौजूद रहे।

ज्ञापन में आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने, मतदान से पहले बाहरी राजनीतिक कार्यकर्ताओं को निर्वाचन क्षेत्र से बाहर करने तथा सभी 291 मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने की मांग की गई है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े बाहरी कार्यकर्ता शहर के कई होटलों में ठहरे हुए हैं। ज्ञापन में होटल रतन रॉयल, मोटेल होटल रिसॉर्ट, कृष्णा होटल, प्राक्षी होटल और रतन महल होटल का उल्लेख करते हुए वहां जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

इसके अलावा कांग्रेस ने संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल, केंद्रीय सुरक्षा बल, मोबाइल गश्ती दल और त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) की तैनाती का आग्रह किया है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।

ज्ञापन में थाना जिगना के उप निरीक्षक राजीव बिर्थरे और थाना धिरपुरा के उप निरीक्षक भुवनेश शर्मा को हटाने की भी मांग की गई है। कांग्रेस का कहना है कि दोनों अधिकारियों की निष्पक्षता को लेकर आशंकाएं हैं, इसलिए निष्पक्ष चुनाव के लिए उचित कार्रवाई आवश्यक है।

मीडिया से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए दावा किया कि शहर के कुछ होटलों में धन का आवागमन हो रहा है, जिसकी जानकारी लिखित रूप से प्रशासन को दी गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक दतिया पहुंचे हैं। पटवारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार मतदान से 48 घंटे पहले बाहरी राजनीतिक कार्यकर्ताओं को निर्वाचन क्षेत्र से बाहर किया जाना चाहिए।

फिलहाल कांग्रेस के आरोपों और मांगों पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post