दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। मंडला कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भूमि विवाद से परेशान एक 61 वर्षीय महिला ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद महिला सुरक्षाकर्मी की तत्परता से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पुरवा निवासी सुषमा गुप्ता जनसुनवाई में अपनी भूमि संबंधी शिकायत लेकर पहुंची थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस भूमि पर वे वर्षों से काबिज हैं, उस पर कुछ लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। महिला का कहना है कि वह पिछले करीब 26 वर्षों से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जनसुनवाई के दौरान महिला ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया। तभी वहां मौजूद महिला सुरक्षाकर्मी ने तुरंत उनके हाथ से बोतल छीन ली और उन्हें सुरक्षित कर लिया। इसके बाद पुलिस महिला को अपनी अभिरक्षा में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले गई।
मामले में तहसीलदार (भू संसाधन प्रबंधन) हीरालाल तिवारी ने बताया कि विवाद शासकीय भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच है। दोनों पक्ष संबंधित भूमि पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं, जबकि शासकीय भूमि पर ऐसा दावा नियमानुसार स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी पक्ष के पास भूमि पर वैधानिक स्वामित्व या पक्का निर्माण होने का दावा है, तो उसे सिविल कोर्ट में जाकर कानूनी प्रक्रिया अपनानी चाहिए। साथ ही स्पष्ट किया कि जांच में यदि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है, तो नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
