बर्थडे के अगले दिन दर्दनाक हादसा: रसोई में आग से झुलसी 2 साल की मासूम की मौत, मां का इलाज जारी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर जिले की देपालपुर तहसील के ग्राम कुनगारा में एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की आग से झुलसने के बाद मौत हो गई। हादसा सोमवार सुबह उस समय हुआ, जब बच्ची की मां रसोई में खाना बना रही थी। बताया जा रहा है कि खाना बनाते समय मां की साड़ी में अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में पास में खेल रही बच्ची भी आ गई।

जानकारी के अनुसार, मां काजल मूक-बधिर है। आग लगने के बाद वह मदद के लिए आवाज नहीं लगा सकी। उसने तुरंत खेत पर काम कर रहे परिजनों को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और मां-बेटी को गंभीर हालत में इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान दो वर्षीय सृष्टि ने दम तोड़ दिया, जबकि काजल का उपचार जारी है।

परिजनों के मुताबिक, हादसा गैस पाइप (नली) में आग लगने के कारण हुआ। आग की चपेट में आने से काजल करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गई है।

मृतक बच्ची सृष्टि अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसके पिता किसान हैं। बताया गया कि घटना से कुछ देर पहले काजल ने अपनी मां से फोन पर बात की थी और हादसे के बाद सबसे पहले उन्हें ही वीडियो कॉल कर मदद मांगी।

इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि हादसे से एक दिन पहले ही परिवार ने सृष्टि का दूसरा जन्मदिन बड़े उत्साह के साथ मनाया था। राजेंद्र नगर पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर मामला देपालपुर पुलिस को सौंप दिया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post