श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित, जडेजा की वापसी, सारांश जैन को पहली बार मौका

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की टेस्ट टीम में वापसी हुई है, जबकि मध्य प्रदेश के स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। शुभमन गिल टीम की कप्तानी करेंगे और केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज साई सुदर्शन को टीम में जगह मिली है, लेकिन दोनों का खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी चोट के कारण चयन से बाहर हो गए हैं। ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग की समस्या के चलते पहला टेस्ट नहीं खेल पाएंगे।

सारांश जैन को हालिया श्रीलंका दौरे पर इंडिया-ए के लिए शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। दूसरे चार दिवसीय मैच में उन्होंने नाबाद 70 रन बनाने के साथ छह विकेट भी हासिल किए थे। 54 प्रथम श्रेणी मैचों में सारांश 2,223 रन बनाने के साथ 188 विकेट भी ले चुके हैं।

भारतीय बल्लेबाजी क्रम में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत करेंगे, जबकि कप्तान शुभमन गिल नंबर-4 पर बल्लेबाजी करेंगे। साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल भी टीम का हिस्सा हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत संभालेंगे, जबकि ध्रुव जुरेल रिजर्व विकेटकीपर होंगे।

स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और युवा स्पिनर मानव सुथार पर भरोसा जताया गया है। तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह (फिट होने पर), मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा संभालेंगे। श्रीलंका-ए के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले गुरनूर बरार भी प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में और दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेला जाएगा। यह मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में भारत की पहली विदेशी टेस्ट सीरीज होगी। फिलहाल भारत WTC अंकतालिका में पांचवें और श्रीलंका छठे स्थान पर है।

दोनों देशों के बीच अब तक 17 टेस्ट सीरीज खेली जा चुकी हैं, जिनमें भारत ने 10 और श्रीलंका ने 3 सीरीज जीती हैं, जबकि 4 सीरीज ड्रॉ रही हैं। श्रीलंका ने भारत के खिलाफ आखिरी टेस्ट सीरीज 2008 में जीती थी और तब से वह लगातार छह टेस्ट सीरीज में जीत हासिल नहीं कर सका है।

Post a Comment

Previous Post Next Post