दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना पनागर पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पनागर थाना प्रभारी एवं उप पुलिस अधीक्षक विपिन बिहारी सिंह ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि उर्दूआ खुर्द निवासी रमन पटेल अपने घर के पास पिस्टल लेकर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां मुखबिर के बताए हुलिए का व्यक्ति सड़क किनारे खड़ा मिला।
पूछताछ में उसने अपना नाम रमन पटेल (35 वर्ष), निवासी उर्दूआ खुर्द, थाना पनागर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह पिस्टल और कारतूस ग्राम बरबटी, वर्तमान निवासी नीमखेड़ा (बरेला) के जित्तू महोबिया से ₹35 हजार में खरीदे थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद पिस्टल और चार कारतूस जब्त कर उसके विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को अवैध हथियार सहित रंगे हाथ पकड़ने की कार्रवाई में उप निरीक्षक आकाश सिंह राजपूत, सहायक उप निरीक्षक मिथलेश त्रिपाठी एवं राहुल अहिरवार की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
