दतिया उपचुनाव: चुनावी प्रशिक्षण से 10 कर्मचारी रहे गायब, प्रशासन ने जारी किए कारण बताओ नोटिस

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के बीच चुनावी प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले 10 कर्मचारियों पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी भूपेंद्र कुमार कुशवाह ने सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

14 जुलाई को आयोजित चुनावी प्रशिक्षण में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने को प्रशासन ने गंभीर लापरवाही माना है। नोटिस में कर्मचारियों से पूछा गया है कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।

नोटिस प्राप्त करने वालों में शिक्षक, प्रधानाध्यापक, प्राचार्य, जनपद पंचायत के समग्र अधिकारी और जल संसाधन विभाग के उपयंत्री शामिल हैं। इनमें सीताराम धाकड़, अशोक मांझी, धर्मजीत मांझी, श्रीराम जाटव, नवासाय राम नगेसिया, मनोज गुप्ता, सुरेंद्र कुमार शर्मा, वैभव श्रीवास्तव, शिवचरण माहौर और मनोज कुमार व्यास के नाम शामिल हैं।

प्रशासन का कहना है कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में प्रशिक्षण की भूमिका बेहद अहम होती है। ऐसे में बिना किसी वैध कारण के अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लिया जा रहा है। संबंधित कर्मचारियों से प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post