MP News: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, पढ़ाई के दौरान हुई थी दोस्ती

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक 26 वर्षीय युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि सितंबर 2025 में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात भिंड निवासी प्रशांत दुबे से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोपी प्रशांत ने युवती को जल्द ही शादी करने का अटूट भरोसा दिया और उसे अपने साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के लिए राजी कर लिया। इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए।

रुपए भी उधार लिए, फिर शादी से मुकरा

युवती का आरोप है कि लिव-इन में रहने के दौरान आरोपी प्रशांत ने उससे घरेलू और व्यक्तिगत जरूरतों का हवाला देकर मोटी रकम भी उधार ली। इसके बाद, मार्च 2026 में आरोपी भिंड जाने की बात कहकर इंदौर से निकला और वहां पहुंचने के बाद उसने युवती से दूरी बना ली और शादी करने से साफ इनकार कर दिया।

जुलाई में दोबारा की ज्यादती

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इसी साल जुलाई में आरोपी से उसकी दोबारा मुलाकात हुई। आरोपी ने एक बार फिर उसे अपनी बातों में फंसाया और शादी का दोबारा वादा कर संबंध बनाए। लेकिन कुछ दिन बीतने के बाद उसने अपना रंग बदला और फिर से शादी के वादे से मुकर गया।

बार-बार मिल रहे धोखे और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार लसूड़िया थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी प्रशांत दुबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को भिंड रवाना करने की तैयारी की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post