दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के 20 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र से पहले विधानसभा परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में विधानसभा के सेंट्रल हॉल में देश के चार प्रमुख नेताओं—पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेई और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीरें लगाई जा रही हैं।
विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एक ओर जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर के साथ पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर लगाई गई है। वहीं दूसरी ओर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई और उनके समीप नेताजी सुभाष चंद्र बोस का चित्र स्थापित किया गया है।
गौरतलब है कि करीब ढाई साल पहले, दिसंबर 2023 में विधानसभा सदन के भीतर स्पीकर की कुर्सी के बाईं ओर लगी जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर हटाकर उसकी जगह डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लगाई गई थी। उस समय इस फैसले को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया था।
मानसून सत्र से पहले विधानसभा भवन में साफ-सफाई, रंग-रोगन और विशेष सजावट का कार्य भी तेज़ी से किया जा रहा है। भवन परिसर में लगी लोकार्पण शिलापट्टिकाओं का भी नवीनीकरण किया जा रहा है।
इस बार का मानसून सत्र कई अहम मुद्दों और संभावित यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) विधेयक को लेकर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Tags
madhya pradesh
