दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। सुबह से ही ग्रामीण और शहरी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। सुबह 11 बजे तक 32.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।
मतदान शुरू होने से पहले तीन मतदान केंद्रों पर ईवीएम से जुड़े उपकरणों में तकनीकी खराबी सामने आई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि मतदान केंद्र क्रमांक 186 पर वीवीपैट, 108 पर बैलेटिंग यूनिट (बीयू) और 290 पर कंट्रोल यूनिट (सीयू) में खराबी आई थी। मॉक पोल के दौरान सभी एजेंटों और कैमरों की मौजूदगी में उपकरण बदल दिए गए, जिसके बाद समय पर मतदान शुरू कराया गया।
सड़क नहीं तो वोट नहीं, ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार
बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में मुख्य सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार करते हुए "सड़क नहीं तो वोट नहीं" का नारा लगाया। सूचना मिलने पर एसडीएम अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। प्रशासन की समझाइश के बाद करीब 50 ग्रामीणों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने किया जीत का दावा
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने मतदान के बाद अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता भाजपा के अहंकार का जवाब देगी। उन्होंने बसई क्षेत्र में कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बूथ में प्रवेश नहीं देने का आरोप भी लगाया।
वहीं भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मतदान से पहले मां पीतांबरा पीठ में दर्शन कर दतिया के विकास, युवाओं को रोजगार और भयमुक्त वातावरण की कामना की। बाद में उन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक 158 पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और भाजपा की जीत का भरोसा जताया।
291 केंद्रों पर हो रहा मतदान
दतिया विधानसभा उपचुनाव में जिले के 291 मतदान केंद्रों पर 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन का कहना है कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से जारी है।
फर्जी पोस्ट को लेकर भाजपा की शिकायत
उपचुनाव के बीच सोशल मीडिया पर भाजपा जिला अध्यक्ष को हटाए जाने संबंधी एक कथित पत्र वायरल होने के मामले में भाजपा ने इसे फर्जी और भ्रामक बताते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है। पार्टी ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Tags
madhya pradesh
