MP News: इंदौर के वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिला से मारपीट, नाबालिग ने डंडे से किया हमला; वीडियो वायरल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित मरीमाता पानी की टंकी के पास संचालित महाराणा प्रताप वेलफेयर सोसाइटी के वृद्धाश्रम में एक नाबालिग द्वारा बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में नाबालिग लड़का डंडे से एक बुजुर्ग महिला पर हमला करता दिखाई दे रहा है। बीच-बचाव करने पहुंचीं अन्य महिलाओं के साथ भी उसने हाथापाई की।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद वृद्धाश्रम की संचालिका नीलम दुबे को बाणगंगा थाने बुलाकर पूछताछ की गई। फिलहाल उन्हें आवश्यक निर्देश देकर छोड़ दिया गया है।

पांच महीने पहले मां के साथ आया था वृद्धाश्रम

एसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। करीब पांच महीने पहले वह अपनी मां के साथ वृद्धाश्रम में रहने आया था। उसकी मां गंभीर रूप से झुलस गई थीं और कुछ दिनों बाद उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद से वह वृद्धाश्रम में ही रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार को किसी बात को लेकर नाबालिग का एक बुजुर्ग महिला से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर उसने डंडे से महिला पर हमला कर दिया। जब अन्य महिलाएं बीच-बचाव के लिए पहुंचीं तो उनके साथ भी उसने मारपीट की।

काउंसलिंग के बाद चाइल्ड केयर संस्था भेजा जाएगा

एसीपी ने बताया कि नाबालिग की काउंसलिंग कराई जाएगी। साथ ही उसे वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से अलग रखने के निर्देश संचालिका को दिए गए हैं। गुरुवार को उसे वृद्धाश्रम से हटाकर नाबालिग बच्चों की देखरेख करने वाली संस्था (चाइल्ड केयर संस्था) को सौंपा जाएगा।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना को लेकर वृद्धाश्रम की संचालिका का विस्तृत पक्ष सामने नहीं आ सका है।

Post a Comment

Previous Post Next Post