Jabalpur News: 'हिस्सा मिलने के बाद भी बहू और पोते को चाहिए पूरा मकान', 68 साल की बुजुर्ग महिला को पीटा ; देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के अधारताल थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया। 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला मुन्नी बाई चक्रवर्ती ने अपनी बड़ी बहू, पोते और बहू के भाई सहित अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बुजुर्ग महिला के साथ कथित मारपीट होती दिखाई दे रही है। न्याय और सुरक्षा की मांग को लेकर पीड़िता बुधवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंची।

मुन्नी बाई ने बताया कि पति के निधन के बाद से उनकी बड़ी बहू कलावती चक्रवर्ती लगातार संपत्ति को लेकर विवाद कर रही है। उनका कहना है कि बहू को पहले ही उसका हिस्सा दिया जा चुका है, लेकिन अब वह उस मकान को भी अपने नाम कराने का दबाव बना रही है, जिसमें वह वर्तमान में अकेली रह रही हैं। मकान नाम करने से इनकार करने पर उन्हें लगातार प्रताड़ित और धमकाया जा रहा है।

पीड़िता ने बताया कि वह ब्लड प्रेशर और शुगर की मरीज हैं। छोटे बेटे राजकुमार के निधन के बाद छोटी बहू भी घर छोड़कर चली गई, जिसके कारण वह अकेली रह रही हैं। ऐसे में उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।

मुन्नी बाई के अनुसार, 6 जुलाई को उनकी बड़ी बहू कलावती चक्रवर्ती, पोता अभिषेक चक्रवर्ती और बहू का भाई प्रमोद चक्रवर्ती कुछ अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर पहले तोड़फोड़ की और फिर उनके साथ मारपीट की। महिला का यह भी दावा है कि आरोपी तलवार और पिस्तौल जैसे हथियार लेकर पहुंचे थे तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। उनका आरोप है कि सभी लोग मकान पर कब्जा करना चाहते हैं और इसी उद्देश्य से लगातार दबाव बना रहे हैं।

पीड़िता ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने अधारताल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की निष्क्रियता से परेशान होकर उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले में सख्त कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की। उनका कहना है कि वृद्धावस्था और बीमारी के कारण वह अपनी सुरक्षा स्वयं नहीं कर सकतीं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि अधारताल थाना पुलिस ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post