Jabalpur News: माढोताल में बुजुर्ग से लूट का 3 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल-नकदी और बाइक बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढोताल थाना क्षेत्र में 66 वर्षीय बुजुर्ग से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी, दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई की रात करीब 9 बजे मुन्नालाल पटेल फल-सब्जी लेकर अपने घर लौट रहे थे। तभी माँ रेवा कॉलोनी मोड़ के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और छीना-झपटी कर उनकी जेब से सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल, पहचान पत्र व अन्य दस्तावेजों से भरी डायरी तथा 1150 रुपये नकद लूटकर चुंगी नाका की ओर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर रात करीब 12 बजे तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय राहुल चौधरी, 22 वर्षीय अभिषेक चौधरी और 20 वर्षीय सुमित उर्फ अन्नू चौधरी, निवासी राजीव गांधी नगर, माढोताल के रूप में हुई। कड़ाई से पूछताछ के दौरान तीनों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, दस्तावेज, नकदी और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी सुमित उर्फ अन्नू चौधरी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई का प्रस्ताव न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है, जबकि अन्य दोनों आरोपी नशे के आदी बताए गए हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post