MP News: सूबेदार (स्टेनो) और ASI भर्ती का अंतिम रिजल्ट जारी, 438 अभ्यर्थियों का चयन, 13% पदों का परिणाम फिलहाल होल्ड

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने पुलिस विभाग में सूबेदार (स्टेनो) एवं सहायक उपनिरीक्षक (ASI) भर्ती परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। कुल 500 पदों के लिए आयोजित भर्ती में 438 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जबकि न्यायालय के निर्देशों के चलते 13 प्रतिशत पदों का परिणाम फिलहाल होल्ड रखा गया है।

जारी अंतिम परिणाम के अनुसार 88 अभ्यर्थियों का चयन सूबेदार (स्टेनो) और 350 अभ्यर्थियों का चयन सहायक उपनिरीक्षक (ASI) पद के लिए हुआ है। सूबेदार (स्टेनो) परीक्षा में जबलपुर के अपूर्व शर्मा ने अनारक्षित वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जबकि भोपाल के ऋषि रंधवे ने ईडब्ल्यूएस वर्ग में सहायक उपनिरीक्षक परीक्षा में टॉप किया है।

चयनित अभ्यर्थियों में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही है। सूबेदार (स्टेनो) के 88 चयनित उम्मीदवारों में 30 महिलाएं और 58 पुरुष शामिल हैं, जबकि सहायक उपनिरीक्षक के 350 चयनित अभ्यर्थियों में 122 महिलाएं और 228 पुरुष हैं।

पुलिस विभाग में पिछले आठ वर्षों से स्टेनोग्राफर एवं कार्यालयीन स्टाफ की भर्ती नहीं होने से बड़ी संख्या में पद रिक्त थे। इन्हें भरने के लिए वर्ष 2025 में पुलिस मुख्यालय ने शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंजूरी से 100 सूबेदार (स्टेनो) और 400 सहायक उपनिरीक्षक सहित कुल 500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई।

भर्ती प्रक्रिया के तहत 19 सितंबर 2025 को विज्ञापन जारी हुआ, 3 से 30 अक्टूबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए, 17 एवं 18 दिसंबर 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित हुई और 17 फरवरी 2026 को उसका परिणाम घोषित किया गया। इसके बाद 2 से 4 जून 2026 तक हिंदी टाइपिंग, शीघ्रलेखन (स्टेनो) एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। अब 18 जुलाई 2026 को अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है।

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल के अनुसार लिखित एवं व्यावहारिक परीक्षा के अंकों के आधार पर श्रेणीवार मेरिट सूची तैयार की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सीय परीक्षण और इकाई आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियुक्ति दी जाएगी। इसके पश्चात उन्हें मध्य प्रदेश पुलिस के प्रशिक्षण संस्थानों में आधारभूत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

ईएसबी के अनुसार दूसरे चरण में 4,222 उम्मीदवारों (3,886 यूनिक अभ्यर्थियों) का परिणाम पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराया गया था। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 87 प्रतिशत पदों (14 प्रतिशत ओबीसी आरक्षित पदों सहित) का अंतिम परिणाम जारी किया गया है, जबकि शेष 13 प्रतिशत पदों का परिणाम न्यायालय के निर्देशों के कारण फिलहाल लंबित रखा गया है। उम्मीदवार अपना अंतिम परिणाम एमपीईएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post