दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ यंत्री (जूनियर इंजीनियर) नमेश कुमार भोंडेकर को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सोलर पैनल संबंधी फाइल आगे बढ़ाने के एवज में कुल 80 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार परदेशीपुरा निवासी बिल्डर एवं होटल व्यवसायी शिवप्रकाश बसवाल ने 17 जुलाई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अंबे नगर स्थित जीआर-7 होटल की इमारत पर लगाए जाने वाले सोलर पैनल की फाइल आगे बढ़ाने के लिए कनिष्ठ यंत्री नमेश कुमार भोंडेकर उनसे 80 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है।
शिकायत का सत्यापन करने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देशन में निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।
शनिवार को लोकायुक्त टीम ने सुखलिया जोन स्थित मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय में कार्रवाई करते हुए आरोपी कनिष्ठ यंत्री को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपए की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 की धारा-7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
